अहमदाबाद। गुजरात के सीमावर्ती जिला बनासकांठा के नडाबेट में 12 जनवरी काे अतंरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव-2024 का आयोजन किया गया है। हर साल अहमदाबाद के रिवरफ्रंट पर पतंगोत्सव का आयोजन किया जाता रहा है। इस साल आयोजन की जगह बदल दी गई है। अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव के देश-विदेश के पतंगबाज आएंगे। बनासकांठा के कलेक्टर ने पतंगोंत्सव को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान महोत्स के सुचारु आयोजन पर विस्तृत चर्चा की गई। पिछले साल अहमदाबाद में जी-20 की थीम पर पतंगोत्सव का आयोजन किया गया था। जिसमें 53 देशों के 126 और भारत के 14 राज्यों के 65 पतंगबाजों ने हिस्सा लिया था। वहीं, गुजरात के 22 शहरों के 660 पतंगबाज अहमदाबाद पतंग उड़ाने आए थे।
मौसम के जानकार अंबालाल पटेल ने पतंगोत्सव पर मौसम खराब होने का अनुमान जताया है। उनके अनुसार 8 से 10 जनवरी तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बेमौसम बारिश हो सकती है। 11 से 13 जनवरी तक ठंडी का दूसरा राउंड शुरू होगा। मकर संक्रांति तक प्रदेश में कड़ाके की सर्दी पड़ सकती है। उधर, मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ से 7 से 10 जनवरी तक बारिश होने का अनुमान जताया है। उत्तर गुजरात, दक्षिण गुजरात और मध्य गुजरात में बेमौसम बारिश हो सकती है।
