अहमदाबाद। नगर निगम ने 11वें फ्लावर शो में 221 मीटर लंबा फ्लावर स्ट्रक्चर बनाकर नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया है। इसे गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल किया गया है। इससे पहले वर्ष 2014 में चीन ने 166.15 मीटर लंबा फ्लावर स्ट्रक्चर बनाकर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराया था।
अहमदाबाद में साबरमती रिवरफ्रंट पर इवेन्ट गार्डन और फ्लावर गार्डन में 30 दिसंबर से फ्लावर शो का आयोजन किया गया था। इसमें 15 लाख से अधिक फूल प्रदशित किए गए थे। 30 से अधिक विदेशी पुष्प भी रखे गए थे। फ्लावर शो में 221 मीटर लंबा स्ट्रक्चर बनाया गया था। गिनीज बुक की टीम ने मेयर प्रतिभा जैन, मनपा आयुक्त एम. थेन्नारसन समेत अधिकारियों की मौजूदगी में सबसे लंबे स्ट्रक्चर का सर्टिफिकेट दिया। फ्लावर शो को अब तक साढ़े सात लाख से अधिक लोग देख चुके हैं।
नगर निगम की ओर से फ्लावर शो की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इसका समापन 15 जनवरी को होने वाला था, जिसे बढ़ाकर 20 जनवरी कर दिया गया है। दर्शकों की भीड़ को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। फ्लावर शो का समय बढ़ाकर रात 11:00 कर दिया गया है। रोजाना 40 हजार से अधिक लोग इसे देखने आ रहे हैं। सोमवार से शुक्रवार तक फ्लावर शो में प्रवेश शुल्क 50 रूपए, जबकि शनिवार और रविवार को 75 रूपए रखा गया है।