सूरत। डूमस बीच पर घूमने आने वालों पर कड़ी नजर रखने के लिए दरिया गणेश मंदिर के पास हाईमास्ट वॉच टावर बनाया गया है। डूमस में घूमने आने वालों पर अब पुलिस कड़ी नजर रखेगी। इमरजेंसी के दौरान अनाउंसमेंट करने के लिए वॉच टावर पर लाउडस्पीकर भी लगाए गए हैं। डूमस में पुलिस की तैनाती के बावजूद लोग प्रतिबंधित जगहों पर चले जाते थे। कई बार पुलिस के समझाने और रोकने के बावजूद पर्यटक ज्वार-भाटा आने पर समुद्र के पानी में नहाने के लिए जाते थे। डूमस बीच पर अब तक कई हादसे हो चुके हैं। समुद्र में नहाते समय ज्वार-भाटा आने से कई लोगों की जान तक जा चुकी है। हाल ही समुद्र में नहाते समय ज्वार-भाटा आने से गोडादरा का एक नाबालिग पानी में बह गया था। गनीमत यह रही है समुद्र में विसर्जित की गई गणेश की प्रतिमाओं के सहारे वह पानी में बहते-बहते नवसारी के पास पहुंच गया था। 24 घंटे समुद्र की लहरों के बीच रहने के बाद मछुआरों ने उसकी जान बचाई थी। इसी प्रकार समुद्र में नहाते समय ज्वार-भाटा आने से कई लोगों की पानी में बहने से जान चली गई है। लोगों को इस प्रकार के हादसों से बचाने और प्रतिबंधित जगहों पर लोगों को जाने से रोकने के लिए डूमस में हाईमास्ट वॉच टावर बनाया गया है। इस पर पुलिस के जवान तैनात रहेंगे।